Tag: Flight Fare

  • Airfare Rules: हवाई टिकटों के मनमाने किराये पर लगेगी लगाम? केंद्र सरकार ने बनाए नए नियम, DGCA करेगा निगरानी

    Airfare Rules: हवाई टिकटों के मनमाने किराये पर लगेगी लगाम? केंद्र सरकार ने बनाए नए नियम, DGCA करेगा निगरानी

    नई दिल्ली। हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। अब असाधारण परिस्थितियों में केंद्र सरकार एयरलाइंस कंपनियों को हवाई टिकटों के किराये को लेकर लिखित निर्देश जारी कर सकेगी।

    सरकार ने भारतीय विमानन अधिनियम, 2024 (Bharatiya Vayuyan Adhiniyam, 2024) के तहत नए नियम अधिसूचित किए हैं। ये नियम 31 अक्टूबर को ई-गजट पर प्रकाशित किए गए हैं। इसके साथ ही विमानन क्षेत्र में किराये की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में नया नियामकीय ढांचा तैयार किया गया है।

    नए नियमों के मुताबिक, जनहित को ध्यान में रखते हुए असाधारण परिस्थितियों में केंद्र सरकार एयरलाइंस को हवाई किराये से संबंधित लिखित निर्देश दे सकती है। इसके अलावा, विमानन कंपनियों को अपने किराये का विवरण नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को देना होगा।

    टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को किराये, टैक्स, शुल्क और कैंसिलेशन चार्ज की पूरी जानकारी भी दिखानी होगी।

    हवाई टिकट महंगे होने पर सरकार कर सकेगी हस्तक्षेप

    नए नियमों के तहत केंद्र सरकार को असाधारण परिस्थितियों में हवाई किराये को लेकर हस्तक्षेप करने का अधिकार दिया गया है। हालांकि, नियमों में ‘असाधारण परिस्थितियों’ की स्पष्ट परिभाषा नहीं बताई गई है।

    इससे पहले भी सरकार कई मौकों पर हवाई किराये को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप कर चुकी है। कोरोना महामारी के दौरान हवाई टिकटों के लिए किराये की सीमा तय की गई थी।

    वहीं, पिछले साल दिसंबर में IndiGo की परिचालन संबंधी समस्या के दौरान हजारों उड़ानें रद्द होने के बाद भी सरकार ने एयरलाइंस को किराये में अनुचित बढ़ोतरी से बचने के निर्देश दिए थे।

    इसके अलावा कुंभ मेले, पहलगाम आतंकी हमले के बाद और केरल में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी हवाई किराये में भारी बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे मौकों पर सरकार ने एयरलाइंस से किराये में संयम बरतने की अपील की थी। अब नए नियमों के जरिए इस तरह के हस्तक्षेप को औपचारिक नियामकीय आधार मिला है।

    DGCA करेगा हवाई किराये की निगरानी, एयरलाइंस को देना होगा पूरा ब्योरा

    नए नियमों में हवाई टिकटों के किराये की निगरानी को भी मजबूत किया गया है। इसके तहत सभी एयरलाइंस कंपनियों को अपने टैरिफ यानी किराये की जानकारी DGCA को निर्धारित फॉर्मेट और समय-समय पर उपलब्ध करानी होगी।

    इसके साथ ही विमानन कंपनियों को अपनी वेबसाइट या DGCA की ओर से निर्धारित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किराये की जानकारी प्रकाशित करनी होगी। इसका उद्देश्य यात्रियों को टिकटों की कीमतों के बारे में पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराना है।

    नियमों के मुताबिक, बुकिंग वेबसाइट और टिकट पर यात्रियों को कुल देय राशि के साथ उसका पूरा विवरण भी दिखाना होगा। इसमें शामिल होंगे:

    • बेस फेयर यानी टिकट का मूल किराया।
    • सरकारी टैक्स और अन्य शुल्क।
    • टिकट कैंसिलेशन चार्ज।
    • रिफंड से जुड़ी शर्तें।
    • अन्य लागू फीस और अतिरिक्त खर्च।

    इससे यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले यह समझने में आसानी होगी कि उन्हें कुल कितनी रकम चुकानी पड़ेगी।

    सरकार ने फिलहाल हवाई टिकटों पर किराये की सीमा तय नहीं की

    नए नियमों के बावजूद सरकार ने सामान्य परिस्थितियों में हवाई टिकटों के लिए कोई अधिकतम या न्यूनतम किराया सीमा तय नहीं की है। इसका मतलब है कि एयरलाइंस कंपनियां पहले की तरह मांग और आपूर्ति के आधार पर टिकटों की कीमतें निर्धारित कर सकेंगी।

    हवाई किराये में बदलाव के पीछे कई कारण होते हैं। इनमें सीटों की उपलब्धता, यात्रियों की मांग, विमानन ईंधन की कीमत, विमानों की क्षमता और त्योहारों या छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली यात्रा की मांग शामिल है।

    सरकार का रुख रहा है कि हवाई किराये बाजार आधारित व्यवस्था के तहत तय होते हैं और सामान्य परिस्थितियों में इनका सीधा नियमन नहीं किया जाता। नए नियमों में भी किराये की निगरानी और पारदर्शिता पर जोर दिया गया है, न कि सभी उड़ानों के लिए एक समान किराया सीमा लागू करने पर।

    हवाई किराये को लेकर क्यों बनाए गए नए नियम?

    हवाई टिकटों की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी और त्योहारों, छुट्टियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं।

    इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एस. लक्ष्मीनारायण ने जनहित याचिका (PIL) दायर की थी। इसमें त्योहारों, छुट्टियों और आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान निजी एयरलाइंस की ओर से मनमाने हवाई किराये और अतिरिक्त शुल्क वसूलने पर रोक लगाने के लिए बाध्यकारी नियामकीय नियम बनाने की मांग की गई थी।

    अब केंद्र सरकार ने नए नियमों के जरिए किराये की निगरानी, यात्रियों को पूरी कीमत की जानकारी देने और असाधारण परिस्थितियों में हस्तक्षेप करने के लिए नियामकीय व्यवस्था को मजबूत किया है।

    कुल मिलाकर, नए नियमों से हवाई यात्रियों को किराये की बेहतर जानकारी और अधिक पारदर्शिता मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सामान्य परिस्थितियों में टिकटों की कीमतें अभी भी बाजार की मांग और आपूर्ति के आधार पर ही तय होंगी।